
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई ने बढ़ाई अपराधियों में दहशत, बलात्कार-पॉक्सो में 32 और हत्या के प्रयास में 16 प्रतिशत कमी आई, थाने स्तर पर गुंडा परेड शुरू
जबलपुर (जयलोक)। गंभीर अपराध करने वाले अपराधियों को सबक सिखाने और पीडि़तों सहित आम नागरिक के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने अपराध को अंजाम देने वाले और कानून की धज्जियाँ उड़ाने वालों के खिलाफ सख्ती से प्रतिबंधात्मक कार्रवाहियाँ की। जिसका सीधा असर गंभीर अपराधों की घटती संख्या के रूप में सामने आया। मासिक अपराध रिकार्ड के अनुसार बलात्कार-पॉक्सो में 32 और हत्या के प्रयास में 16 प्रतिशत कमी आई है। इसका सीधा कारण यह है कि पुलिस ने जिला बदर और एनएसए की कार्रवाही कर अपराधियों के हौसलों को पस्त किया है और अपराधियों के मनों में पुलिस और कानून का डर बढ़ाया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए यह रणनीति बनाई और थाना स्तर पर लगातार गुंडा परेड आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाई गई। साथ ही लगातार अपराध करने वालों के खिलाफ जिला बदर और एनएसए जैसी सख्त कार्रवाहियों की संख्या बढ़ी। वहीं महिलाओं से लेकर बच्चों तक की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता जमीन पर दिखाई दे, इसके निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
महिलाओं-बच्चों से जुड़े अपराधों में गिरावट- 30 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 में बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट के प्रकरणों में 32 प्रतिशत की कमी आई है। पिछले वर्ष इस अवधि में 143 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष संख्या घटकर 97 रह गई। छेड़छाड़ एवं पॉक्सो से जुड़े मामले भी 182 से घटकर 168 हुए हैं। इसी तरह हत्या के प्रयास के प्रकरण 155 से घटकर 130 रह गए, जो 16 प्रतिशत की गिरावट दर्शाते हैं। चोरी के मामले भी 200 से घटकर 195 हुए, जबकि धारा 327 भादवि एवं 119(1) बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण 641 से घटकर 581 रह गए।
जिला बदर और एनएसए सहित कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई- पुलिस की रणनीति का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई है। आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई 5092 से बढक़र 5429 हो गई। धारा 110 जाफौ./129 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई 3900 से बढक़र 4047 पहुंच गई। आदतन और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई 238 से बढ़ाकर 260 की गई। वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई में 46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। पिछले वर्ष 13 के मुकाबले इस वर्ष 19 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
नशे के खिलाफ मैदान में पुलिस- अपराध नियंत्रण के साथ युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से युवाओं और विद्यार्थियों को अवगत कराने, उन्हें नशे से दूरी बनाने के लिए प्रेरित करने तथा समाज को इस मुहिम से जोडऩे के प्रयास किए गए। पुलिस की यह पहल इस सोच को सामने लाती है कि अपराध होने के बाद कार्रवाई करना जरूरी है, लेकिन युवाओं को अपराध और नशे की दुनिया में पहुंचने से रोकना उससे भी बड़ी जिम्मेदारी है।
डीजे पर हुई सख्त कार्रवाही की पूरे देश में रही चर्चा – नवरात्रि के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा और नियमों की अनदेखी कर कानफोड़ आवाज में डीजे बजाने वाले संचालकों के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। जबलपुर पुलिस की यह सख्ती के साथ की गई कार्रवाही ना केवल पूरे प्रदेश में बल्कि देश के विभिन्न शहरों में चर्चा का विषय रही और बड़ी संख्या में लोगों ने इस कार्रवाही को उचित बताते हुए सराहना की।
हर अधिकारी की तय की गई जवाबदारी-जिलेभर में कानून व्यवस्था मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। राजपत्रित अधिकारियों से लेकर थाना प्रभारियों तक को अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश हैं। गंभीर अपराधों में गिरावट के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों और नियम तोडऩे वालों पर कार्रवाई ने पुलिस की कार्यप्रणाली के कई पहलुओं को सामने रखा है।
इनका कहना है
अपराधियों पर नियंत्रण करने के साथ पुलिस की प्राथमिकता आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत करने की रहती है। आदतन अपराधियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ सख्ती बरती जाए।
संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दुनियाभर में ठप्प होने से मच गया हड़कंप





